युवक से 2.23 लाख रुपये की ठगी
ग्रेटर नोएडा। साइबर ठगों ने चालान के नाम पर भेजी गई एपीके फाइल के जरिए युवक के बैंक खाते से 2 लाख 23 हजार रुपये उड़ा लिए। ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर पीड़ित का बैंक खाता खाली कर दिया। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। कुलेसरा स्थित मधुबन विहार कॉलोनी निवासी वीरेंद्र यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 7 जून को उनके मोबाइल पर संदेश आया, जिसमें चालान के नाम से एपीके फाइल भेजी गई थी। उन्होंने जैसे ही फाइल खोली, साइबर ठगों ने उनके मोबाइल और बैंक खाते तक पहुंच बना ली। आरोपियों ने पहली बार में 1.50 लाख रुपये, दूसरी बार में 50 हजार रुपये, तीसरी बार में 23,571 रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और स्थानीय पुलिस से भी संपर्क किया। कोतवाली प्रभारी रंजीत कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो