पुराने बूथ पर जाकर जमा कराना होगा गणना प्रपत्र
ग्रेटर नोएडा। जिले की तीनों विधानसभा में अभी भी काफी ऐसे मतदाता है, जो प्रदेश के किसी अन्य जिले या अन्य राज्य के मतदाता है, लेकिन अब यहां रहते हैं। इन मतदाताओं को अपने पुराने निवास स्थान के बूथ पर जाकर गणना प्रपत्र भरकर जमा करना होगा। उसके बाद जिले के बूथ पर फॉर्म-8 भरकर जमा कराना होगा। अभी इस तरह के मतदाता बीएलओ के चक्कर लगा रहे हैं। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में अन्य जिलों व राज्यों के निवासी रहते हैं। पूर्व में जिस जगह पर रहते थे, वहां उनकी वोट बनी है, लेकिन अब यहां शिफ्ट हो गए है तो उनके पास गणना प्रपत्र नहीं पहुंचे हैं। साथ ही अगर किसी के पास पहुंचा है तो वो उसे मौजूदा बीएलओ के पास जमा कराने का प्रयास कर रहे हैं। जानकारी के आभाव में ऐसे मतदाता परेशान है। इस पर अफसरों का कहना है कि जिस बूथ पर मतदाता का गणना प्रपत्र जारी हुआ है वहीं पर उनको भरकर जमा कराना होगा। मौजूदा पते पर बीएलओ उस प्रपत्र को जमा नहीं कर सकते है। पुराने बूथ पर प्रपत्र जमा करने के बाद अगर मतदाता को अपना नाम नए बूथ पर शिफ्ट कराना है तो फिर फॉर्म-8 भरना होगा। जो नए बूथ पर बीएलओ के पास जमा करना होगा। इस संबंध में सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मतदाताओं का पुराने बीएलओ से भी संपर्क कराने का प्रयास किया जाता है। ब्यूरो