बीआईसी ट्रैक पर 800 रुपये में देख सकेंगे मोटो जीपी की रफ्तार का रोमांच
- कंपनी ने जारी की टिकट दरें, सबसे महंगा टिकट डेढ़ लाख रुपये का होगा
- अगले सप्ताह से खरीद सकेंगे टिकट, ऑनलाइन बुकिंग के लिए करार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बुद्धा इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) के ट्रैक पर 22 सितंबर से शुरू होने वाली तीन दिवसीय मोटो बाइक जीपी रेस की टिकट दरें जारी कर दी गईं हैं। सबसे सस्ता टिकट 800 रुपये का होगा वहीं सबसे महंगे टिकट की कीमत डेढ़ लाख रुपये होगी। मोटो जीपी डोर्ना स्पोर्ट्स ने टिकट की ऑनलाइन बुकिंग के लिए बुक माई शो से करार किया है। कंपनी की ओर से अगले सात दिनों में बुकिंग खोलने की तैयारी की जा रही है। कंपनी सूत्रों का कहना है कि टिकट की दरें और कम भी की जा सकती हैं। अहम है कि वर्ष 2011 में बीआईसी ट्रैक पर आयोजित फॉर्मूला-1 रेस के टिकट की शुरुआती कीमत 1500 रुपये थी।
आयोजक कंपनी फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स के अधिकारियों ने बताया कि देश में पहली बार होने आयोजित किए जा रहे मोटो जीपी बाइक रेस में बीआईसी ट्रैक पर दर्शकों को लाइव रोमांच देखने का पूरा मौका मिलेगा। दर्शक एक दिन या एक साथ तीन दिनों के लिए टिकट खरीद सकेंगे। कंपनी छह अलग-अलग श्रेणियों में सुविधा के अनुसार टिकट उपलब्ध कराने पर विचार कर रही है। मौके पर संगीत और खाने-पीने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजकों ने बताया कि दूसरे देशों में मोटो जीपी रेस के लिए सामान्य टिकट की दरें कई गुना ज्यादा होती हैं।
ट्रैक का निरीक्षण करने के लिए अगले सप्ताह फिर आएगी टीम
फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स के सीओओ पुष्कर नाथ श्रीवास्तव ने बताया कि बीआईसी के ट्रैक को बाइक रेस के लिए तैयार करने, ऑप्टीकल फाइबर लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह ट्रैक का दोबारा निरीक्षण करने फिर से विदेशी विशेषज्ञों की टीम आएगी।