सेक्टर-8 के नाम से जाना जाएगा, आवासीय व औद्योगिक सेक्टर में मिलेंगी सभी सुविधाएं
नए आवासीय सेक्टर-5 में जनवरी में आएगी भूखंडों की योजना
सीएल मौर्य
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के पास यमुना प्राधिकरण बहुउद्देशीय उपयोग के लिए नया सेक्टर विकसित करेगा, जो सेक्टर-8 के नाम से जाना जाएगा। इसके लिए 1292 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। यहां आवासीय व औद्योगिक गतिविधियों के अलावा स्कूल, कॉलेज, अस्पताल व मार्केट सहित सभी सुविधाएं मौजूद होंगी।
वहीं, नए आवासीय सेक्टर-5 को बसाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस सेक्टर में जनवरी में दो हजार भूखंडों की योजना लॉन्च होगी। इसके लिए 1100 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत की जा रही है। प्राधिकरण ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है। निर्माणाधीन एयरपोर्ट के कारण आवासीय, औद्योगिक, संस्थागत सहित सभी तरह के भूखंडों की मांग तेजी से बढ़ी है। स्थिति यह है कि सबसे ज्यादा निवेशक यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं। इसे देखते हुए ही प्राधिकरण एयरपोर्ट के आसपास सेक्टर-8 के नाम से सेक्टर बसाने जा रहा है। योजना के तहत बहुउद्देशीय सेक्टर में आवासीय, औद्योगिक, संस्थागत आदि गतिविधियां होंगी, ताकि इस सेक्टर में रहने वाले लोगों को आवास सहित अन्य सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। खेलकूद की सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।
नए साल में आने वाली योजना का बेसब्री से इंतजार
भूखंडों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्राधिकरण नए साल में दो हजार आवासीय भूखंडों की योजना लॉन्च करेगा। खास बात यह है कि इसमें छोटे आकार के भी भूखंड होंगे। ऐसे में लोग बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं। बीते सितंबर में आई 1184 भूखंडों की योजना में 1.30 लाख से अधिक लोगों ने आवेदन किया था। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि नए साल में आने वाली योजना भी सुपरहिट होगी।
-
इन परियोजनाओं से औद्योगिक गतिविधियां भरेंगी उड़ान
मास्टर प्लान-2031 के तहत यमुना प्राधिकरण सेक्टर-10 में औद्योगिक भूखंडों के लिए 312 हेक्टेयर, सेक्टर- 7 में वेयर हाउस, लॉजिस्टिक व औद्योगिक भूखंड के लिए 283़ 01 हेक्टेयर, सेक्टर-28 में मेडिकल डिवाइस पार्क की अवशेष भूमि के लिए 193़ 9141 हेक्टेयर, औद्योगिक सेक्टर-29 व 32 के अवशेष क्षेत्रफल के लिए 258़ 89 हेक्टेयर व टप्पल बाजना अर्बन सेंटर के लिए 172़ 52 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत करेगा। इसके अधिग्रहण पर 3558 करोड़ रुपये का खर्च संभावित है।
जेवर एयरपोर्ट के पास बहुउद्देशीय सेक्टर बसाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। इस सेक्टर में आवासीय, औद्योगिक व संस्थागत सहित सभी सुविधाएं होंगी। खेलकूद की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा। - डॉ़ अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण