यमुना प्राधिकरण सभी औद्योगिक सेक्टरों में बनाएगा फ्लैटेड फैक्टरी
सेक्टर-28 व 29 में चार भूखंडों पर में होगा निर्माण
एक भूखंड पर 75 से 80 कंपनियां चल सकेंगी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नए-नए उद्यमियों और कम पैसे खर्च करके उद्योग लगाने वाले लोगों को उत्साहित करने के लिए यमुना प्राधिकरण सेक्टर-28 और 29 में चार भूखंडों पर फ्लैटेड फैक्टरी बनाएगा। एक भूखंड पर 75 से 80 कंपनियां चल सकेंगी। इन फ्लैटेड फैक्टरी को सामान्य किराये पर दिया जाएगा।
खास बात यह है कि अपैरल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क में लाई जाने वाली यह फ्लैटेड फैक्टरी पहले से बन रहे उत्पाद से ही संबंधित होंगी, हालांकि करीब 10 फीसदी अन्य तरह का सामान बना सकेंगी। इसके बाद प्राधिकरण सभी औद्योगिक सेक्टरों में दो-दो भूखंडों में फ्लैटेड फैक्टरी के लाने की तैयारी में है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि अभी तक औद्योगिक भूखंड की योजना निकाली गई थी। इसमें छोटे-छोटे और स्टार्टअप शुरू करने वाले नए उद्यमियों के लिए कुछ खास योजना नहीं थी, मगर इन्हें देखते हुए फ्लैटेड फैक्टरी योजना लाने पर शासन से चर्चा की गई थी। वहां से प्रस्ताव पास हो गया है। अगले माह से इनके निर्माण समेत अन्य कार्य के लिए कंपनियों का चयन किया जाएगा। इन्हें बनाने के लिए अलग-अलग कंपनियों को चुना जाएगा। जिससे कम समय में अधिक निर्माण बनवाया जा सके।
यह फ्लैटेड फैक्टरी ग्राउंड समेत चार मंजिला होंगी। सेक्टर-29 में 150 और सेक्टर-28 में 100 फ्लैटेड फैक्टरी बनाई जाएंगी। सीईओ ने बताया कि भविष्य में अपने सभी औद्योगिक सेक्टरों में दो-दो भूखंड फ्लैटेड फैक्टरी के लाने की योजना बनाई जा रही है। इससे कम पैसे लगाकर युवा उद्यमी काम शुरू कर सकेंगे। इन्हें बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।