यीडा और ग्रेनो ने लॉन्च की ग्रुप हाउसिंग भूखंड स्कीम
20 हजार को मिलेगा आशियाना
- यीडा सिटी के सेक्टर-22डी में पांच से आठ एकड़ के हैं भूखंड, ग्रेटर नोएडा में पांच सेक्टरों में लाया 3.5 से 10 एकड़ के हैं भूखंड
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) में नोएडा एयरपोर्ट के पास और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में करीब 20 हजार लोगों को आशियाने बनाने का मौका मिलेगा। सोमवार को दोनों प्राधिकरणों ने 12 भूखंडों की ग्रुप हाउसिंग योजना शुरू की है। ग्रुप हाउसिंग की इन परियोजनाओं में तीन माह में भूखंडों पर कब्जा दे दिया जाएगा। अहम है कि बिल्डर और खरीदारों के बीच चले विवाद के 13 साल बाद ग्रेनो प्राधिकरण ने ग्रुप हाउसिंग भूखंड स्कीम लांच की गई है।
यमुना प्राधिकरण की स्कीम के तहत प्लाॅट के लिए 18 मार्च तक आवेदन किए जा सकते हैं। भूखंडों का आवंटन ई-नीलामी के माध्यम से 26 अप्रैल को होगा। करीब 20 से 40 हजार वर्गमीटर (पांच से आठ एकड़) तक के सभी छह भूखंड सेक्टर-22डी में नोएडा एयरपोर्ट के पास होंगे। इनकी आवंटन दर 30,750 रुपये प्रति वर्गमीटर रखी गई है।
वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में 13 वर्ष बाद 3.5 से 10 एकड़ तक के प्लॉट लांच किए गए हैं। सेक्टर-36 में 3.5 एकड़, म्यू में 4.5 एकड़, ओमीक्रॉन ए में 7.5 एकड़, ईटा दो सेक्टर में सात एकड़, सिग्मा थर्ड में 7.5 और 9.5 एकड़ के प्लाॅट दिए जाएंगे। जबकि ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-12 में 5.5 एकड़ और आठ एकड़ के दो भूखंडों पर फ्लैट बनाए जाएंगे।
ग्रुप हाउसिंग के छह भूखंडों की योजना लांच की गई है। इसमें 18 मार्च तक आवेदन किया जा सकता है। भूखंडों का आवंटन ई-नीलामी के माध्यम से 26 अप्रैल को किया जाएगा। - डॉ़ अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण
कोट
प्राधिकरण ने 13 साल बाद ग्रेटर नोएडा में ग्रुप हाउसिंग योजना लांच की है। पुरानी गलतियों से सीख लेते हुए इस बार नियम सख्त रखे गए हैं। ई-नीलामी से ही भूखंड आवंटित होंगे।- रवि कुमार एनजी, सीईओ ग्रेनो प्राधिकरण।