फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। खंड नगीना के अंतर्गत आने वाले गांव बलेई के नई मोहल्ले में बिजली की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। अत्यधिक ओवरलोडिंग और आए दिन ट्रांसफार्मर खराब होने से परेशान ग्रामीणों की आवाज उठाते हुए ग्राम पंचायत बलेई के सरपंच इरफान ने हरियाणा सरकार के बिजली मंत्री को एक पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने नई मोहल्ले में तुरंत एक नया बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की है। सरपंच इरफान ने अपने पत्र के माध्यम से बताया कि गांव के नई मोहल्ले में लगभग 300 परिवार निवास करते हैं। वर्तमान में पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति केवल एक ही ट्रांसफार्मर पर निर्भर है। क्षमता से अधिक लोड होने के कारण दिन में कम से कम 5 से 6 बार ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ जाते हैं। इतना ही नहीं, आए दिन ट्रांसफार्मर में बड़ी तकनीकी खराबी आ जाती है, जिससे घंटों तक पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है। इस भीषण बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति और ग्रामीणों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।