स्कूल कैंटीन के भटूरे में मि्ला कीड़ा
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक निजी स्कूल की कैंटीन के खाने में कीड़ा निकलने का आरोप है। एक अभिभावक का आरोप है कि पीटीएम के दौरान वो कैंटीन में छोले-भटूरे खाने पहुंचे थे। भटूरे पर कीड़ा मिला। उन्होंने इसकी शिकायत सोशल मीडिया पर प्रशासन से की है। वहीं खाद्य विभाग ने जानकारी से इंकार किया है। अफसरों का कहना है कि शिकायत मिली तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
निवासियों ने बताया कि शनिवार को स्कूल में पीटीएम थी। बड़ी संख्या में अभिभावक पहुंचे थे। तभी कुछ अभिभावक बच्चों के साथ कैंटीन में खाना खाने चले गए। एक अभिभावक ने कैंटीन में छोले भटूरे का ऑर्डर दिया।
आरोप है कि जब छोले भटूरे उनकी टेबल पर पहुंचे तो भटूरे के ऊपर कीड़ा था। जो मरा हुआ था। साथ ही वहां पर साफ सफाई की व्यवस्था भी अच्छी नहीं थी।
अभिभावकों का कहना है कि बड़ी संख्या में रोजाना बच्चे कैंटीन में खाना खाते हैं। अगर गंदगी रहेगी और साफ सफाई का ध्यान नहीं रखा जाएगा तो बच्चों के बीमार होने का खतरा रहेगा। अभिभावकों ने सोशल मीडिया पर इसकी शिकायत की।
वहीं सहायक आयुक्त द्वितीय खाद्य सर्वेश मिश्रा का कहना है कि अभी किसी ने इसकी शिकायत नहीं की है। सोशल मीडिया का संज्ञान लेकर स्कूल की कैंटीन का निरीक्षण किया जाएगा।