नोएडा (संवाद)। फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में सतर्कता जागरूकता सप्ताह सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह के साथ शुरू हुआ। इस दौरान एफडीडीआई के सभी परिसरों में नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यशालाएं, संगोष्ठियां और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्थान के प्रबंध निदेशक विवेक शर्मा और कार्यकारी निदेशक मंजू मान मुख्य अतिथि रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा शपथ ली और अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण बनाए रखने का संकल्प लिया। विवेक ने कहा कि सतर्कता केवल एक सप्ताह भर का आयोजन नहीं बल्कि यह जीवन और कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। इस अवसर पर एफडीडीआई मुख्यालय और नोएडा परिसर के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षु छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।