ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर के सात कराटे खिलाड़ियों ने वाराणसी में आयोजित ऑल इंडिया कराटे प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सात स्वर्ण पदक जीते। विजेता खिलाड़ियों को बृहस्पतिवार को स्वागत कर सम्मानित किया गया। मानव अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट की ओर से वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 20 से 21 दिसंबर तक 10वीं ऑल इंडिया कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के बालक-बालिका वर्ग की विभिन्न आयु वर्ग में जिले के अभिरूप, सत्यम, साक्षी, तुषार, मयंक, उर्वि और अनुष्का ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। सभी विजेता खिलाड़ी कोच नितिन भाटी और संदीप कुमार की देखरेख में कराटे के गुर सीखते हैं। कोच संदीप ने बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्रप्रदेश, दिल्ली, तेलंगाना, महाराष्ट्र आदि राज्यों से 1300 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता में यूपी की टीम ओवरऑल विजेता रही।