यमुना सिटी (संवाद)। जेवर के रन्हेरा गांव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। मझुपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि गुनपुर की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों की 90 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल के बाद आयोजकों ने विजेता मझुपुर टीम को स्पलेंडर प्लस बाइक देकर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता गुनपुर टीम को 51 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। पुरस्कार मिलने पर खिलाड़ियों में खुशी का माहौल रहा। मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना है।