सायरन बजने के बाद भी मदद नहीं मिलने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित रक्षा एडेला सोसाइटी के एम टॉवर में एक महिला लिफ्ट में फंस गई। महिला का आरोप है कि लिफ्ट में फंसने के बाद उसने काफी देर तक मदद के लिए गुहार लगाई और सायरन भी बजाया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की ओर से समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में लिफ्ट फंसने की घटना आए दिन हो रही है।महिला ने बताया कि लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई थी। इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी बटन दबाकर और सायरन बजाकर सुरक्षा कर्मचारियों से मदद मांगी। काफी देर तक सहायता नहीं मिलने से वह घबरा गईं। बाद में किसी तरह उन्हें लिफ्ट से बाहर निकाला गया। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि लिफ्ट जैसी महत्वपूर्ण सुविधा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निवासियों ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी सोसाइटी में लिफ्ट में लोगों के फंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया है। निवासियों ने सोसाइटी प्रबंधन से मांग की है कि घटना की जांच कराई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बेहतर की जाए।