होटल के कमरों के किराए में नहीं कर सकेंगे अनावश्यक वृद्धि
-अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने जिले के 4 व 5 स्टार होटल संचालकों से दो दिन में मांगा ब्योरा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। मोटो जीपी बाइक रेस और ट्रेड फेयर के दौरान होटलों के कमरों के किराये में अनावश्यक वृद्धि नहीं की जा सकेगी। बुधवार को प्रशासन ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के चार और पांच सितारा होटलों के संचालकों संग बैठक में इस बाबत निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि निर्देश का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी संचालकों से दो दिन में कमरों के किराए की सूची के साथ पूरा ब्योरा मांगा है।
जिला प्रशासन ने सितंबर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन डाॅ. नितिन मदान ने बताया कि इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 21 से 25 सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश का पहला अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर आयोजित होगा। इसी दौरान आयोजित होने वाले मोटो जीपी बाइक रेस में भी देश और विदेश से लोग जिले में आएंगे। उनके ठहरने की व्यवस्था दोनों शहरों के चार और पांच सितारा होटलों में की जाएगी। ऐसे में सभी होटल प्रबंधकों से होटलों की क्षमता, कमरे के किराए में छूट के साथ रेट लिस्ट व अन्य जानकारी मांगी गई है। यह जानकारी दो दिन के अंदर उपलब्ध करानी होगी। होटल प्रबंधकों से अपील की है कि वो अनावश्यक रूप से कीमतों में बढ़ोतरी नहीं करें। होटल में किराए के कमरे सामान्य रेट ही उपलब्ध कराए। अगर किसी होटल प्रबंधक ने निर्धारित दर से अधिक वसूली की तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।