फोटो15कासगंज में पेट्रोल पंप यातायात के नियमों के बारे में समझाते एआरटीओ व टीएसआई।स्रोत-याताय
कासगंज। गाड़ी चलाएंगे पर हेलमेट नहीं लगाएंगे। ऐसा मानने वाले दोपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ने जा रही हैं। नो हेलमेट नो पेट्रोल के आदेश को पालन कराने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढा दी है। एआरटीओ और यातायात पुलिस ने बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। बिना हेलमेट के पंप पर पेट्रोल लेने पहुंचे 117 दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे गए। वहीं, इस दौरान वाहन चालकों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा और टीएसआई लक्ष्मण सिंह ने बुधवार को नो हेलमेट नो पेट्रोल को जागरूकता अभियान चलाया। सोरों गेट, गोराहा और सोरोंजी सहित अन्य स्थानों पर पेट्रोल पंप चेक किए गए। इस दौरान बिना हेलमेट के पेट्रोल लेने पहुंचे 117 दोपहिया वाहनों के चालान काटे गए। पेट्रोल पंप संचालक को पंप पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक पेट्रोल पंप पर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने संबंधी पोस्टर लगवाने के लिए कहा गया। पंप संचालकों को निर्देश दिए कि बिना हेलमेट के वाहन चालकों को पेट्रोल देने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ आरपी मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक जीवन अनमोल है, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर चलें। इसके अलावा कार चलाते समय सीट बेल्ट का हर हाल में प्रयोग करें। नशे की हालत में वाहन नहीं चलाएं। ओवर स्पीड चलने से बचें। वाहनों पर क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाएं। अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने दें। पकड़े जाने पर उनके अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।