- दिल्ली पुलिस ने एक लाख के इनामी मादक पदार्थ तस्कर को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक लाख रुपये के इनामी मादक तस्कर शामिम उर्फ वेल्डर(39) निवासी चंदौसी, जिला बाराबंकी को गिरफ्तार किया है। दिल्ली में शामिम पर पुलिस का दबाव बढ़ा तो वह वर्ष 2019 में यूपी चला गया था और लखनऊ को तस्करी के लिए अपना आधार बना लिया था। कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया हुआ था। इस पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव के अनुसार दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने वर्ष 2019 में तीन मादक पदार्थ तस्कर मणिपुर निवासी शाकिल अहमद और रियाज खान व पश्चिमी बंगाल निवासी शुबंकर उर्फ शुभम को 10 किलो हेरोइन के साथ शालीमार बाग, दिल्ली से गिरफ्तार किया था। शुबंकर ने बताया कि वह शाकिल अहमद के कहने पर शामिम उर्फ वेल्डर को हेरोइन सप्लाई करता था। तभी से शामिम फरार था। एसीपी रोहताश कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर आशीष शर्मा, एसआई प्रकाश, एसआई अबोध शर्मा और एसआई देेवेंद्र मलिक की टीम शामिम की तलाश कर रही थी। इस बीच एसआई देवेंद्र मलिक ने आरोपी का नया फोटो ढूंढ निकाला। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे फजुल्लागंज, लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला है कि आरोपी शुरू में कैरियर का काम करता था और शाकिर के कहने पर कानपुर व लखनऊ में मादक पदार्थ सप्लाई करता था। इसके बाद वर्ष 2009 में इसने अपना नेटवर्क खड़ा किया। मादक पदार्थ तस्करी के मामले में कोर्ट ने उसे पांच वर्ष की सजा सुनाई थी। बाद में उसे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। इसके बाद वह फिर मादक पदार्थों की तस्करी करने लगा। बाद में यह तस्कर शपन हलदर के साथ काम करने लगा।