यीडा का प्लॉट बेचा तो प्राॅपर्टी डीलर से मांगी 15 लाख की रंगदारी
- पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में बड़े साइज प्लॉट बेचने में मदद करने वाले प्रॉपर्टी डीलर पवन कुमार से 15 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई। कॉल करने वाले ने रुपयों का इंतजाम नहीं करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। पीड़ित के पास आरोपी की ऑडियो रिकार्डिंग है। पीड़ित की शिकायत पर दादूपुर निवासी प्रमोद नागर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में प्रॉपर्टी डीलरों में रुपयों को लेकर विवाद सामने आ रहा है।
दर्ज शिकायत के मुताबिक प्रॉपर्टी डीलर पवन कुमार से एक व्यक्ति ने संपर्क कर यीडा में बड़ा प्लाट खरीदने की इच्छा जाहिर की थी। पवन ने प्लाॅट दिखाकर सौदा करा दिया। इसके बाद ही पवन के पास दनकौर के दादूपुर गांव निवासी प्रमोद नागर ने कॉल की। पवन का कहना है कि प्रमोद से उनका कभी लेनदेन नहीं रहा। प्लाॅट का सौदा कराने पर ही आरोपी ने कॉल कर 15 लाख रुपये की मांग की है। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी है। इससे उनका परिवार भी सहमा हुआ है। बीटा-2 थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। दूसरा पक्ष भी प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है।