पुल प्रह्लादपुर के पार्क में युवक-युवती को टोकने पर हुई वारदात
आरोपी ने 4 से 5 साथियों को बुलाकर चाकू से किए छह वार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पुल प्रह्लादपुर में युवक-युवती को अश्लील हरकत करने से रोकने पर सिक्योरिटी गार्ड विकास कुमार (26) की हत्या कर दी गई। युवक ने 4-5 साथियों को बुलाकर विकास पर चाकू से छह से ज्यादा वार कर दिए। मौके पर पहुंची पुलिस विकास को बत्रा अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, मंगलवार शाम तक भी पुल प्रह्लादपुर थाना पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिहार निवासी विकास पुल प्रह्लादपुर में किराये पर रहता था। वह पुल प्रह्लादपुर थाने से बदरपुर की तरफ जाते हुए एमबी रोड पर बने फुटओवर ब्रिज के पास बने सरकारी शौचालय में सिक्योरिटी गार्ड था। विकास सोमवार रात को भी ड्यूटी पर था। रात करीब 10 बजे पार्क में युवक-युवती अश्लील कर रहे थे। विकास ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने साथियों को बुला लिया। आरोपियों ने विकास को पकड़कर चाकू से हमला किया और फरार हो गए। सड़क पर पड़े विकास को देखकर राहगीर ने रात 10:30 बजे इसकी सूचना पुलिस को दी। पुल प्रहलादपुर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।