गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के झिरिया पुल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की देर रात कालीन कंपनी में काम कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। साइकिल सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। गोपीगंज नगर के सोनखरी वार्ड संख्या चार निवासी गोलू सेठ (30) पुत्र कन्हैया लाल सेठ सुबह नगर में एक पान की दुकान पर बैठता था। वहीं शाम होने के बाद वह एक कालीन कंपनी में काम करता था। वह देर रात कंपनी से काम कर साइकिल से लौट रहा था। फ्लाईओवर के नीचे पिलर संख्या 34 के पास पहुंचा था कि इस बीच किसी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक गोलू सेठ तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। गोलू को चार साल का बेटा व दो साल की एक बेटी है। पत्नी प्रतिमा बदहवास रही। युवक की अचानक मौत से नगर में शोक की लहर दौड़ गई। प्रभारी निरीक्षक शैलेष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मृतक गोलू सेठ। फाइल फोटो- फोटो : udhampur news