दनकौर (संवाद)। तालडा-झालड़ा गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। सड़क पर पानी भरने से आवागमन मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को पैदल निकलने में दिक्कत आ रही है। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहन भी कीचड़ में फंस रहे हैं। करप्शन फ्री इंडिया संगठन के जिलाध्यक्ष मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि ग्रामीण कई बार जनप्रतिनिधियों और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। परंतु समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। संगठन के कार्यकर्ता रिंकू बैसला ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मार्ग की मरम्मत और जलभराव दूर नहीं कराया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।