यमुना सिटी (संवाद)। ढांक और डेरिन को दनकौर से जोड़ने वाले मार्ग पर जलभराव होने से ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से होकर लोग दनकौर बाजार में खरीदारी करने और रोजमर्रा का सामान लेने जाते हैं। स्कूली बच्चों को भी इसी रास्ते से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। सड़क पर पानी भरा होने और कीचड़ जमा होने के कारण बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। दोपहिया वाहन चालकों को भी मार्ग से निकलने में दिक्कत हो रही है।