इस बार गर्मियों में नहीं रहेगी पानी की किल्लत
प्राधिकरण जलापूर्ति सहित 35 अन्य कार्यों के लिए 66 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए
गर्मी में पानी की बेहतर सप्लाई के लिए 25 करोड़ रुपये होंगे खर्च
धूम मानिकपुर में विकास कार्यों पर खर्च होंगे 7.82 करोड़ रुपये
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शहर में पानी की किल्लत को गर्मियों से पहले दूर करने के लिए प्राधिकरण ने जलापूर्ति समेत अन्य 35 कार्यों के लिए 66 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए हैं। सेक्टरों में ट्यूबवेल, राइजिंग मेन और क्लोरीनेशन कार्याें के दो साल के लिए मेंटेनेंस और संचालन पर 25.52 करोड़ रुपये खर्च होगा, जबकि अन्य कार्यों पर 16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ग्रेनो में पानी को आपूर्ति को लेकर आए दिन सेक्टर और सोसाइटी के लोग परेशान रहते हैं। प्राधिकरण अधिकारियों का दावा है कि 55 सेक्टरों गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है, मगर सर्दी में गंगाजल तो दूर साधारण पानी की आपूर्ति भी सुचारू नहीं हो पा रही है।निवासियों की समस्या को देखते हुए प्राधिकरण ने सेक्टरों-गांवों में मरम्मत और रखरखाव के कार्यों के लिए करीब 50 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाते हुए टेंडर जारी कर दिए हैं। इनमें कुछ गांवों सड़क और अन्य कार्य भी शामिल हैं, जिनके 16 करोड़ के टेंडर जारी किए हैं।
प्राधिकरण के जलापूर्ति विभाग महाप्रबंधक जितेंद्र गौतम ने बताया कि सेक्टर-16बी, 16सी, टेकजोन फोर में डिस्ट्रीब्यूशन लाइन उपलब्ध कराने और पाइपलाइन बिछाने के कार्य भी होंगे। ओएसडी परियोजना हिमांशु वर्मा ने बताया कि पानी के अलावा जैतपुर-वैशपुर स्थित बरातघर व श्मशान घाट की मरम्मत, सेक्टर ज्यू टू व म्यू टू में अफोर्डेबल हाउसिंग में मरम्मत कार्य, गैलेक्सी वेगा सोसाइटी के पास 100 मीटर मास्टर ग्रीन बेल्ट में ओपन जिम स्थापित करने और पांच वर्ष तक का अनुरक्षण कार्य, नवादा-गुलिस्तानपुर के बरात घर की मरम्मत, मलकपुर में सीसी रोड व नाली की मरम्मत के कार्य आदि शामिल हैं।
-
ग्रेनो के सेक्टरों-गांवों में पानी और विकास व रखरखाव पर 66 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए हैं। इनमें पेयजल आपूर्ति महत्वपूर्ण है। गर्मियों से पहले व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा। - रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेनो प्राधिकरण