फोनरवा चुनाव के लिए सात जनवरी को मतदान
चुनाव अधिकारी ने की घाेषणा, 23 दिसंबर को जारी की जाएगी मतदाता सूची
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के चुनाव लिए सात जनवरी को मतदान होगा। इसी शाम परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। 23 दिसंबर को मतदाता सूची जारी की जाएगी, जबकि नामांकन 28 दिसंबर से होंगे। इस संबंध में शनिवार को पत्र जारी करने चुनाव अधिकारी व जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि चुनाव के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है। जिसमें जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार शिशौदिया, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आशीष कुमार सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी वरिष्ठ सहायक हिमांशु शामिल हैं। वहीं, पत्र में चुनाव अधिकारी ने फोनरवा के सचिव को कालातीत संबाेधित किया है।
-
28 दिसंबर से होंगे नामांकन
चुनाव के लिए 28 दिसंबर को नामांकन होंगे। 29 दिसंबर को नामांकन की सूची चस्पा की जाएगी। 30 दिसंबर को संशोधन के बाद अंतिम सूची प्रकाशित होगी। एक जनवरी नामांकन वापसी की तिथि तय की गई है। दो जनवरी को प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। सात जनवरी को सुबह 10 से दो बजे तक मतदान होगा। तीन से पांच बजे तक मतगणना होगी। परिणाम 5:30 बजे तक घोषित होंगे। मतदान फोनरवा के सेक्टर-52 स्थित कार्यालय पर होगा।
-
वार्षिक शुल्क जमा कराने के लिए मांगा समय
नोएडा। चुनाव का कार्यक्रम जारी होने के बाद सेक्टर-62 रजत विहार के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुखदेव शर्मा ने फेडरेशन के सदस्यों को वार्षिक शुल्क जमा कराने के लिए मांग की। पत्र में उन्होंने कहा कि कुछ आरडब्ल्यूए का नवीनीकरण प्रमाणपत्र और नवीनीकरण की रसीद डिप्टी रजिस्ट्रार, मेरठ के कार्यालय से जारी नहीं होने के कारण से वार्षिक शुल्क जमा नहीं कराया जा सका था, जिसके कारण उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया था। फोनरवा चुनाव से पहले आरडब्ल्यूए को वार्षिक शुल्क जमा करने के लिए समय दिया जाना चाहिए ताकि वो भी चुनाव में भागीदारी कर सके। वहीं, सेक्टर-52 अरावली अपार्टमेंट के अध्यक्ष ओपी यादव, सेक्टर-73 22 और 44 आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों समेत कई आरडब्ल्यूए ने चुनाव घोषणा के बाद वार्षिक शुल्क जमा करने और नवीनीकरण करने के लिए समय देने की मांग की है। ब्यूरो
-
निर्वाचन आदेश त्रुटिपूर्ण है। इसे रद्द कर पुनः संशोधित निर्वाचन आदेश जारी किया जाए। आननफानन में पत्र जारी किया गया है। फोनरवा की मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाना चाहिए। - प्रशांत त्यागी, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-49
-
समस्त आरडब्ल्यूए की चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक होनी चाहिए थी। हर आपत्ति का समाधान किया जाना चाहिए था। सब की सहमति लेकर चुनाव प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी करना था। - जगदीश यादव जग्गा, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, शिव शक्ति अपार्टमेंट, सेक्टर-71
-
फीस जमा करने के बाद भी सेक्टर-44 की आरडब्ल्यूए को फेडरेशन का सदस्य नहीं बनाया गया। चुनावी प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी को अधिकार मिलने चाहिए। - संजीव कुमार, महासचिव, सेक्टर-51
-
कालातीत महासचिव ने चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले सदस्यता शुल्क लेने से इन्कार कर दिया था, इसलिए सभी सदस्यों को शुल्क जमा कराने का समय दिया जाए। - जेपी उप्पल, महासचिव, सेक्टर-36
-
आज की तिथि तक जो सदस्य हैं, उन्हीं को अंतिम मानते हुए चुनाव कराया जाएगा। फोनरवा का चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्वाचन बाइलाज के अनुसार होंगे। - शैलेंद्र बहादुर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी, गौतम बुद्ध नगर