दनकौर (संवाद)। दस दिनों से बिजली नहीं आने से परेशान मकनपुर खादर के ग्रामीणों ने शुक्रवार को विभाग के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। गांव का ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण यहां बिजली सप्लाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगा ट्रांसफार्मर लगभग 10 दिन पहले फुंक गया था। ग्रामीण विजयपाल, राजकुमार, भारतपाल, पप्पू, नरेश, करता, हिमांशु और चंद्रपाल ने बताया कि लगातार शिकायत के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने विभाग से ट्रांसफॉर्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इसके साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।