यमुना सिटी (संवाद)। जेवर के दयानतपुर गांव में 22 नवंबर को हुए गैस सिलिंडर हादसे ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में पिता और पुत्र की आग में झुलसकर मौत हो गई थी। इस घटना के बाद गांव के लोग रसोई में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलिंडर को लेकर सतर्क हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे को लोग अभी तक भुला नहीं पाए हैं। घटना के बाद लोगों ने अपने घरों में लगे गैस सिलिंडर और चूल्हों की जांच शुरू कर दी है।