बाइक से कुचलकर चूहे मारने का वीडियो वायरल
- पुलिस ने बाइक सवार का किया गिरफ्तार, कहा- मारपीट के मामले में हुई कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बाइक से कुचलकर चूहे को मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सेक्टर-66 के मामूरा का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहे युवक जैनुद्दीन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस के मुताबिक युवक की गिरफ्तारी मारपीट के मामले में की गई है। गिरफ्तारी से चूहे को मारने का मामला जुड़ा हुआ नहीं है।
पिछले सप्ताह एक ट्विटर हैंडल से वीडियो शेयर किया गया। जिसमें बाइक सवार बार-बार पहिया आगे-पीछे कर चूहे को कुचलता दिख रहा है। कोतवाली फेज तीन पुलिस ने सोमवार को सेक्टर-66 स्थित खान बिरयानी वाले के पास से जैनुद्दीन को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा है कि चूहे को मारने के मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई है। वहीं इस मामले में नोएडा पुलिस की मीडिया सेल के मुताबिक कोतवाली फेज 3 पुलिस सोमवार को गश्त कर रही थी। बिरयानी की दुकान पर मामूरा में ग्राहकों से पैसों को लेकर विवाद हो रहा था। पुलिस ने जैनुद्दीन को समझाने का प्रयास किया। लेकिन जैनुद्दीन उत्तेजित होकर और भी हंगामा करने लगा। इस पर पुलिस ने धारा 151 सीआरपीसी के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया। मीडिया सेल का कहना है कि गिरफ्तारी का मामला चूहे को कुचलने से जुड़ा नहीं है।