पीड़ित छात्र के मामा ने बताया कि घटना तीन दिन पुरानी है। पीड़ित बच्चा सोसाइटी में नीचे गया था। इसी दौरान बैडमिंटन कोर्ट के पास उसे तीनों नाबालिग ने उसे पकड़ लिया और पहली मंजिल के खाली फ्लैट में ले गए। यहां इन्होंने बालक की पिटाई की और खुद हंसकर वीडियो बनाते रहे।
इतना डराया कि घटना के बाद सहम गया मासूम
पीड़ित के मामा ने बताया कि आरोपियों ने मासूम की पिटाई के साथ ही उसे डरा दिया कि वह घर पर आकर शिकायत न कर सके। आरोपियों के डर से मासूम ने परिजनों को कुछ नहीं बताया। घटना के बाद से ही गुमसुम और डरा सहमा हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की बात सामने आई।
कई बच्चों से कर चुके हैं मारपीट
पीड़ित परिजनों का आरोप है कि तीनों नाबालिग ने इससे पहले भी कई बार अलग-अलग बच्चों की पिटाई की है। कुछ दिन पहले सोसायटी के स्वीमिंग पूल के पास एक बच्चे कि पिटाई की गई थी, जिसमें पीड़ित को चोट भी लगी थी। निवासियों का कहना है कि तीनों नाबालिग सोसायटी में खेल रहे बच्चों को रोककर मारपीट करते हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि तीनों ने सोशल मीडिया पर छाने की चाहत में इस तरह की वीडियो बनाया है।
इस मामले में बिसरख पुलिस से वार्ता हुई है। बालकों से पूछताछ की गई है। परिजनों से बातचीत की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
- डॉ. डीपी सिंह, सदस्य बाल कल्याण समिति
मामले में पीडित और तीनों आरोपी नाबालिग हैं। प्रकरण की जांच बाल कल्याण समिति को सौंपी गई है।
- हरीश चंदर, डीसीपी सेंट्रल जोन