ग्रेटर नोएडा। एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए 3 अक्तूबर से बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) वाले वाहनों को पेट्रोल और डीजल देने पर रोक लग गई है। इसकी जांच के लिए परिवहन और जिला आपूर्ति विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। जिला पूर्ति अधिकारी और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने बताया कि सभी 113 पंपों पर पीयूसीसी एप इंस्टॉल कर दिए गए हैं। वाहनों की जांच प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने बताया कि बिना वैध पीयूसीसी वाले वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा। इस व्यवस्था का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाएगा। ब्यूरो