पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह को ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सोमवार रात ग्रेटर नोएडा वेस्ट से ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने बदमाशों को न्यायायलय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस गिरोह के बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का भी प्रस्ताव आला अधिकारियों को भेजेगी।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 130 मीटर रोड स्थित डाटा सेंटर के नजदीक ईकोटक-3 थाना पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। जांच के दौरान तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पश्चिमी उतर प्रदेश में वाहन चोरी का गिरोह चलाते हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 10 बाइक व स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के छपरा निवासी पंकज और बुलंदशहर निवासी दीपांशु व अंकित के रूप में हुई है।
वर्तमान में तीनों ग्रेटर नोएडा वेस्ट में किराए पर रह रहे थे। गिरोह के तीनों सदस्य नोएडा, ग्रेटर नोएडा के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश भर से वाहन चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों से बागपत व अलीगढ़ से भी चुराई गई बाइक और स्कूटी बरामद की है। आरोपी चोरी की बाइक को देहात क्षेत्र में छह से 10 हजार रुपये में वाहन की स्थिति के अनुसार मुनाफा लेकर बेच देते थे। वह पिछले चार वर्षों से चोरी की घटनाओं को अंजाम रहे थे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वाहन चोरी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। साथ ही अन्य बेचे गए चोरी के वाहनों की भी तलाश की जा रही है।
-विशाल पांडेय, एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा