तावडू। पुलिस ने नाकाबंदी कर एक व्यक्ति को चोरी की बाइक सहित काबू किया है। आरोपी के घर से चोरी की तीन और बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह इंचार्ज एवीटी नूंह ने बताया कि वह टीम के साथ अपराध की रोकथाम हेतु रिपीट नाका तावडू-नूंह पहाड़ी पर मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि साहून निवासी गांव बिशंमबरा थाना शेरगढ़ जिला मथुरा चोरी की मोटरसाइकिल पर अपने रिश्तेदारी गांव चाहलका थाना तावडू से नूंह की ओर आ रहा है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक को वापस मोड़कर भागने लगा। उसे सहायक उपनिरीक्षक धर्मेंद्र ने अपने साथियों की मदद से चोरी की बाइक सहित काबू कर लिया। पुलिस द्वारा बाइक के मांगे गए कोई कागजात आरोपी पेश नहीं कर पाया। गहनता से पूछताछ करते हुए पुलिस ने उसके घर पर खड़ी चोरी की अन्य तीन मोटरसाइकिल बरामद की।