पानीपत। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और पंचायत स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला सचिवालय में होगा। जिसमें बैंड की धुन पर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और राज्य गीत का उच्चारण किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रूप से अपना संबोधन देंगे। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की आत्मा और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। यह गीत हमें मातृभूमि के प्रति समर्पण, त्याग और गौरव का भाव सिखाता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सभी विभाग प्रमुख, अधिकारी और नागरिक पूरे उत्साह से भाग लेकर इस गीत के संदेश को आगे बढ़ाएं। नगर निगम, सभी पुलिस थानों, कॉलेज, ग्राम पंचायत, खंड कार्यालयों और अस्पताल में विशेष कार्यक्रम किए जाएंगे। जिनमें राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां की जाएगी। सरपंचों, ग्राम सचिव, पटवारी व चौकीदार को इसमें अपना सहयोग देना होगा।