बारिश से बदला मौसम, रास्तों पर थमी वाहनों की रफ्तार
- नोएडा एलिवेटेड रोड समेत दिल्ली नोएडा बॉर्डर, एक्सप्रेस वे पर लगा जाम
4 एमएम हुई बारिश
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दोपहर बाद से शाम तक रुक-रुककर हुई बारिश से नोएडा समेत आसपास के इलाकों में मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को शहर में चार मिलीमीटर बारिश हुई। नोएडा और ग्रेनो में कुछ स्थानों पर ओले भी पड़े। आगामी 24 घंटे के दौरान बारिश होने के आसार हैं। विभाग ने बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में कमी आने की बात कही है।
मध्य प्रदेश व पंजाब होकर जम्मू कश्मीर की तरफ बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार दोपहर को नोएडा के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। सेक्टर-62 समेत अन्य कई सेक्टरों में ओले गिरे। करीब एक घंटे तक तेज बारिश के बाद देर शाम तक रूक-रूक कर बारिश होती रही। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो एक दिन पहले 29 डिग्री सेल्सियस था।
बारिश की वजह से सेक्टर-60 अंडरपास, सेक्टर-71 यूटर्न, सेक्टर-62, सेक्टर-50, सेक्टर-59, 58, 60, 61 समेत अन्य सेक्टरों में जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। जिससे कई स्थानों पर जाम का भी सामना करना पड़ा। सेक्टर-18 से सेक्टर-62 व गाजियाबाद की तरफ जाने वाला ट्रैफिक भी एलिवेटेड रोड पर जाम में फंस गया। एलिवेटेड रोड से उतरते समय एक ट्रक के पलट जाने से करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक कर्मियों ने स्थिति को संभाला व ट्रैफिक को गंतव्य की ओर रवाना किया। इसके अलावा सेक्टर-128 के पास ट्रक खराब होने से जाम की स्थिति बन गई। सेक्टर-96 और 104 के पास नोएडा -ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर भी जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा। डीएनडी लूप रोड पर भी वाहनों के अधिक दबाव के कारण जाम की स्थिति बनी रही। वहीं एक वैन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से स्थिति बिगड़ गई। ट्रैफिक इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह ने बताया कि मौके पर ट्रैफिक कर्मियों को भेज कर जाम खुलवाया गया व आवागमन शुरू कराया गया।