प्राधिकरण का बकाया नहीं चुकाने पर उत्तराखंड पब्लिक स्कूल सील
विरोध में सेक्टर-56 स्थित स्कूल के बाहर अभिभावकों ने किया हंगामा
बोले - स्कूल ने नहीं चुकाया था बकाया तो बच्चों का क्यों लिया दाखिला
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्राधिकरण का 15.49 करोड़ रुपये बकाया नहीं चुकाने पर सोमवार को सेक्टर-56 स्थित उत्तराखंड पब्लिक स्कूल को सील कर दिया गया। इसके विरोध में अभिभावकों ने स्कूल के बाहर हंगामा किया। अभिभावकों का स्कूल प्रबंधक पर गुस्सा फूटा। कई महिलाएं बच्चों के भविष्य को लेकर रोने लगीं। इन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों ने सील खोलने का निवेदन किया। अभिभावकों का कहना था कि बड़ी मुश्किल से पहले क्वार्टर की फीस भर पाए हैं, अब दूसरे स्कूल में कैसे दाखिला करा पाएंगे। मंगलवार को अभिभावक और बच्चे प्राधिकरण का घेराव करेंगे, हालांकि इसकी जानकारी नहीं है कि मंगलवार को स्कूल खुलेगा या नहीं।
सोशल मीडिया पर स्कूल की सीलिंग की सूचना मिलने पर अभिभावक दोपहर को स्कूल के गेट पर जमा हो गए। इस दौरान स्कूल के बाहर लगे नोटिस को गार्ड ने पीठ के बल छुपाने की कोशिश की। अभिभावकों ने गार्ड को हटाकर नोटिस देखा और प्रिंसिपल से मिलने का दबाव बनाने लगे। अभिभावक प्रिंसिपल से मिलने के लिए बच्चों को लेकर घंटों स्कूल के बाहर खड़े रहे। किसी तरह अभिभावक अंदर पहुंच तो गए लेकिन स्कूल प्रबंधक ने उनको निकाल दिया। इसके बाद प्राधिकरण और पुलिस की टीम पहुंची। कुछ देर बाद प्राधिकरण की टीम ने स्कूल के स्टॉफ और प्रिंसिपल को बाहर जाने को कहा। बाहर आने पर प्रिंसिपल को अभिभावकों ने घेर लिया और जवाब मांगने लगे। इस दौरान प्रिंसिपल और स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।
-
1500 से ज्यादा बच्चों के भविष्य अधर में
स्कूल के पास सीबीएसई से 12वीं तक की मान्यता है। इसमें करीब 1500 छात्र पढ़ते हैं। अभिभावकों का कहना है इतने बच्चों के भविष्य के साथ कैसे खिलवाड़ कर सकता है।
-
प्रिंसिपल की गाड़ी का किया घेराव
स्कूल सील होने के बाद प्रिंसिपल गाड़ी से निकल रही थीं, तभी अभिभावकों ने उनको घेर लिया। एक अभिभावक ने गाड़ी के आगे स्कूटी लगा दी। जब उन्होंने कहा कि वो प्राधिकरण जा रही है तब लोग उनकी कार के आगे से हटे।
-
मैंने आज ही इधर-उधर से पैसे मांगकर बच्चे की 24 हजार रुपये फीस की जमा है। अब पता चला कि स्कूल सील हो गया, अब क्या होगा। - मंजू मौर्य, अभिभावक
-
मेरा बेटा नौवीं में पढ़ता है। अचानक स्कूल में ताला लटका दिया है। ऐसे में अब बच्चे को कहां पढ़ाएंगे। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। - नीमा, अभिभावक
-
एक बेटा 10वीं और दूसरा 11वीं में पढ़ता है। अगर स्कूल को पहले से पता था कि उनका प्राधिकरण पर इतना बकाया है तो दाखिला लेना ही नहीं चाहिए था। - उमेश तिवारी, अभिभावक
-
स्कूल की फीस भी जमा कर दी है। स्कूल इतनी बड़ी लापरवाही कैसे कर सकता है। बच्चे की पढ़ाई का अब क्या होगा। - शेर सिंह, अभिभावक
-
जीपीडब्ल्यूएस अभिभावकों के साथ
गौतमबुद्ध नगर पेरेंट्स वेलफेयर सोसाइटी (जीपीडब्ल्यूएस) के संस्थापक मनोज कटारिया ने बताया कि स्कूल के सील होने से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में है। अभी अभिभावकों ने नए सत्र की फीस जमा की है और अब उनके पास दूसरे स्कूल में फीस जमा करने के लिए पैसे भी नहीं हैं। जीपीडब्ल्यूएस उत्तराखंड पब्लिक स्कूल के अभिभावकों के साथ खड़ा है।
-
प्राधिकरण से बात चल रही है। जल्द ही समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा। स्कूल मंगलवार को खुलेगा या नहीं इसके बारे में जानकारी नहीं है। - मोहिनी नेगी, प्रिंसिपल, उत्तराखंड पब्लिक स्कूल
-
यह है मामला
सेक्टर-56 के ई-1ए के भूखंड पर उत्तराखंड पब्लिक स्कूल का निर्माण किया गया है। 3549 वर्गमीटर जमीन का आवंटन उत्तराखंड जन कल्याण परिषद के नाम से 1991 में किया गया जबकि 1992 में परिषद ने कब्जा लिया। कुल जमीन की कीमत के 20 फीसदी पर आवंटन हुआ था, इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने भुगतान नहीं किया। प्राधिकरण ने तीन सितंबर 2020 में भूमि आवंटन रद्द कर दिया था, लेकिन कोविड महामारी के कारण कार्रवाई नहीं की गई। प्रबंधन को 11 अगस्त को 2020 को अंतिम नोटिस जारी किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 14 मार्च 2023 और छह अप्रैल 2023 को भी कब्जा वापस करने के लिए पत्र दिए गए, लेकिन कब्जा वापस नहीं किया गया। 21 अप्रैल को कब्जा वापस करने के लिए नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया गया। इसके बाद सोमवार को प्राधिकरण ने स्कूल को सील कर दिया।