नजफगढ़ से ट्रांसपोर्टर गिरफ्तार, 10 कारों की रकम ऐंठ चुका है आरेापी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पुलिस की अपराध शाखा ने ट्रांसपोर्टर राजबीर (53) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुरानी कारों को कटवाने के बाद चोरी की झूठी एफआईआर कराकर इंश्योरेंस की रकम हड़प रहा था। आरोपी दस से ज्यादा कारों की चोरी की एफआईआर कराकर इंश्योरेंस कंपनियों से करोड़ों ऐंठ चुका है। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन कारें, मोबाइल व नंबर प्लेट बरामद की गई है।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंदर सिंह यादव के अनुसार, शाखा में तैनात इंस्पेक्टर विनय कुमार को सूचना मिली थी कि प्रेम नगर, नजफगढ़ निवासी राजबीर वाहनों के इंश्योरेंस की रकम को फर्जी तरीके से हड़प रहा है। सूचना के बाद एसीपी यशपाल सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर विनय कुमार, एसआई सुमित कुमार, एसआई गौतम व एएसआई दीपक की टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस के बाद आरोपी राजबीर को नजफगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 20्र07 में आरोपी के पास 50 से ज्यादा लग्जरी कारें थीं। उसने कारों को कॉल सेंटर में लगा रखा था। धीरे-धीरे व्यवसाय कम होता चला गया। इसके बाद कारें ही उसके पास रह गईं। इसके बाद इसने ठगी शुरू कर दी।
ऐसे करता था ठगी
आरोपी राजबीर ऐसे पुराने वाहनों को खरीदता था, जिनके रजिस्ट्रेशन खत्म होने में एक वर्ष का समय बचा हो। ये इन वाहनों को ठीक करवाता। फिर 4 से 5 लाख रुपये का इंश्योरेंस करवाता। इसके बाद वाहन को नष्ट कर देता या फिर आग लगा लेता। इसी तरह इसने यूपी में एक डस्टर कार में आग लगा दी थी। इसके बाद ये वाहन की चोरी की एफआईआर कराकर इंश्योरेंस की मोटी रकम हड़प लेता था। आरोपी ने वर्ष 2018 से 2020 तक 7 इंजॉय कारों की चोरी की एफआईआर कराई थी। अभी तक 10 कारों की इंश्योरेंस रकम को हड़पने की बात सामने आई है। पुलिस इसकी सभी 50 कारों को डिटेल खंगाल रही है।