माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दीपावली पर बोनस को लेकर ईकोटेक क्षेत्र स्थित मोबाइल उपकरण बनाने वाली एक फैक्टरी में मंगलवार को कर्मचारियों ने हंगामा किया। बोनस नहीं मिलने की सूचना फैलते ही दर्जनों कर्मचारी फैक्टरी के गेट पर जमा हो गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इससे कुछ देर के लिए फैक्टरी परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलने पर ईकोटेक-एक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया और प्रबंधन से बातचीत कर बोनस समेत अन्य सुविधाओं को लेकर आश्वासन दिलाया। इसके बाद कर्मचारियों का विरोध शांत हुआ। प्रदेश सरकार की ओर से दीपावली से पहले कर्मचारियों को बोनस देने के निर्देश दिए गए हैं। श्रम विभाग भी इसकी निगरानी कर रहा है। ईकोटेक-एक थाना प्रभारी अरविंद वर्मा ने बताया कि सुबह की शिफ्ट समाप्त होने के बाद बोनस नहीं मिलने की अफवाह फैल गई थी, जिसके चलते कर्मचारी एकत्र हुए। फिलहाल स्थिति सामान्य है।