नोएडा। थार जीप को चलाते हुए डंडा निकालकर सड़क पर उत्पात मचाते एक युवक का वीडियो मंगलवार देर शाम को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि 18 सेकंड का यह वीडियो कोतवाली सेक्टर 24 क्षेत्र स्थित मोरना के आसपास का है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस युवक की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में ब्लैक फिल्म चढ़ी थार से डंडा बाहर निकालकर एक युवक सड़क पर उत्पात मचाता दिख रहा है। जब सोशल मीडिया पर इस वीडियो पर कार्रवाई करने की मांग उठी तो पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और प्राथमिक जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला है कि लाल रंग की थार मेरठ निवासी एक महिला के नाम से है जो उसने करीब तीन साल पहले बेच दी थी। वीडियो में थार जीप से तेज म्यूजिक भी सुनाई दे रहा है। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपी युवक की पहचान कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जीप को जब्त कर लिया जाएगा।