ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर-36 स्थित महर्षि पाणिनि वेद वेदांग विद्यापीठ गुरुकुल में श्रावणी उपाकर्म व ऋषि पूजन महापर्व वैदिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ब्रह्मचारियों, आचार्यों और श्रद्धालुओं ने विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। सुबह हेमाद्रि संकल्प, दशविधि स्नान और पंचगव्य प्राशन के बाद देव, ऋषि एवं पितृ तर्पण किया गया। इसके बाद ब्रह्मचारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नूतन यज्ञोपवीत धारण किया। गुरुकुल के संस्थापक आचार्य रविकांत दीक्षित ने कहा कि श्रावणी उपाकर्म आत्मशुद्धि, प्रायश्चित, स्वाध्याय और कर्तव्यबोध का पर्व है।