एक युवक की हालत गंभीर, दोस्त के बयान पर हत्या के प्रयास का केस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
शकरपुर में पहले खाना लेने के विवाद में हमलावरों ने दो युवकों पर चाकू से कई वार कर बुरी तरह घायल कर दिया। नौ वार करने से एक युवक की हालत गंभीर है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
विपिन ने पुलिस को बताया कि वह स्कूल ब्लॉक में रहकर पानी सप्लाई करता है। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे दोस्त रवि उसके घर आया। दोनों ने घर में शराब पी। इस दौरान रवि के परिचित पिंटू का फोन आया और उसने दोनों को बीकानेर स्वीट्स के पास बुलाया। दोनों स्कूटी से बीकानेर स्वीट्स के पास पहुंचे। इसके बाद तीनों स्कूटी से शकरपुर स्थित ओम इटिंग प्वाइंट के पास पहुंचे। वहां पहले से तीन युवक मौजूद थे। सिगरेट पीने के दौरान रवि ने फोन से ओम इटिंग प्वाइंट वाले को खाने पैक करने के लिए कह दिया। कुछ देर तीनों खाना लेने के लिए वहां पहुंचे। इस दौरान दुकान पर पहले से मौजूद युवकों में से एक वहां पहुंचा और पहले खाना देने के लिए कहने लगा। रवि ने कहा कि उसने पहले आर्डर दिया है। इस बात पर उसकी युवक से कहासुनी हो गई। युवक ने रवि को थप्पड़ मार दिया। उसके बाद दोनों में हाथापाई करने लगे। पिंटू और विपिन बीचबचाव करने वहां पहुंचे तो अन्य युवक भी मारपीट पर उतारू हो गए। विपिन स्कूटी की ओर जाने लगा, जबकि पिंटू वहां से निकल गया। इसी दौरान एक युवक ने विपिन को पकड़ लिया और उसके सीने पर चाकू से दो वार कर दिए। विपिन वहां से भागा और अपनी जान बचाई। कुछ देर बाद रवि ने विपिन को फोन कर बताया कि हमलावरों ने उस पर भी चाकू से वार किए हैंं। उसने उसे विकास मार्ग बस स्टैंड पर आने के लिए कहा। विपिन ने पत्नी को फोन कर घटना को लेकर जानकारी दी। विपिन पत्नी के साथ ऑटो से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती हो गया। रवि को पुलिस ने हेडगेवार में भर्ती कराया। हमलावरों ने रवि के चेहरे, हाथ और गर्दन पर चाकू से नौ वार किए। पुलिस ने विपिन के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।