नोएडा। कोतवाली फेज टू क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले हादसे में बिहार के भोजपुर निवासी रामपूजन गुप्ता शुक्रवार सुबह फल मंडी जाने के दौरान बीपीएल कट के पास एक हाइड्रा की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने पर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस हाइड्रा चालक की तलाश कर रही है। दूसरी घटना 30 जुलाई की देर रात एनएसईजेड के पास हुई, जहां हाथरस निवासी विकास को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल विकास ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों मामलों की जांच कर रही है। ब्यूरो