नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर बनेंगे दो नए अंडरपास
- एपीजे स्कूल के पास लिंक रोड का होगा चौड़ीकरण, जाम से मिलेगी राहत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर दो नए अंडरपास बनेंगे। इससे आसपास के कई सेक्टरों और गांवों के निवासियों को खासी सुविधा मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान अंडरपास की स्वीकृति दी। वहीं सीईओ ने दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर एपीजे स्कूल के पास सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इससे इस रास्ते पर पीक आवर में लगने वाले जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
अधिकारियों के मुताबिक नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर महामाया फ्लाईओवर से 6.1 किमी की दूरी पर अंडरपास बनेगा। इसके एक ओर सेक्टर-93, 82, 108, 105, गेझा व भंगेल और दूसरी ओर सेक्टर-128, 130, 131, 132, 133, सुल्तानपुर, शाहपुर गोवर्द्धनपुर व असगरपुर गांव हैं। इस अंडरपास की लंबाई करीब 800 मीटर होगी। वहीं महामाया फ्लाईओवर से 16.4 किमी पर दूसरे अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इस अंडरपास के एक ओर सेक्टर-159, 157, 155, 156, 151ए, 160, 159, झट्टा, गुलावली व मोहियापुर और दूसरी ओर सेक्टर-146, 147 और सेक्टर-148 है। अंडरपास की लंबाई करीब 1200 मीटर होगी। दोनों अंडरपास चार-चार लेन के होंगे।
इन दोनों अंडरपास का एस्टिमेट 15 दिन में तैयार कर प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद इसके टेंडर आदि का काम होगा। टेंडर निकालने के बाद एजेंसी चयन होगा, फिर काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा सीईओ ने एडवंट अंडरपास का भी निरीक्षण किया और वहां पेंटिंग का काम देखा।
वहीं सीईओ ने वर्क सर्किल-1 के तहत लिंक रोड के एक हिस्से को सुधारने के निर्देश दिए। इसमें सेक्टर-14ए से महामाया फ्लाईओवर तक का हिस्सा शामिल है। इसमें एपीजे स्कूल से फिल्म सिटी के पास सड़क के एक हिस्से का चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए काम करने को कहा। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से वाहन चालकों को लाभ मिलेगा।