प्रबंधक से लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में लगी गोली
- कार में बंधक बनाकर की थी वारदात, पांच दिन बाद दर्ज हुआ था केस
- आरोपियों के 3 साथी फरार, पुलिस कर रही तलाश
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन के पास प्रबंधक को कार में बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले दो बदमाश मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार रात बुलंदशहर के चाना निवासी निशान तेवतिया और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर निवासी दीपक चौहान को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के तीन साथी अभी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, तमंचा और बाइक बरामद की है।
डीसीपी अनिल यादव ने बताया कि प्रबंधक अग्नय प्रताप सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई की रात वह नोएडा के मॉल से घर लौट रहे थे। वह सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन के पास रुके। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनकी ही कार में बंधक बना लिया। बदमाश काफी देर तक रोड पर घुमाते रहे। बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया और पेटीएम का पिन नंबर पूछकर बैंक अकाउंट से भी 30 हजार रुपये निकाल लिए। बदमाश उन्हें बंधक बनाकर कार में घूमाते रहे। रास्ते में कार खराब होने पर बदमाश मोबाइल, कार की आरसी लूटकर भाग गए। इस बीच बदमाशों ने पेटीएम से 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने ऐच्छर चौकी और सेक्टर-142 थाने में शिकायत की लेकिन सीमा विवाद मेें उलझी पुलिस ने पांच दिन बाद केस दर्ज किया था। शनिवार रात लूटपाट करने वाले बदमाशों को थाना प्रभारी उत्तम कुमार की टीम ने चेकिंग के दौरान सेक्टर-105 के पास रोका तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। पुलिस आरोपियों से उनके फरार साथियों और आपराधिक इतिहास के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपी घटना के दौरान सीसीटीवी में कैद हुए थे।
दहेज हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन
ग्रेटर नोएडा। दादरी के कटहेरा गांव में 31 जुलाई को दहेज की खातिर नोएडा निवासी तनु की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। मामले में नोएडा के गेझा गांव निवासी राजेंद्र लोहिया ने अपनी बेटी तनु के पति समेत अन्य आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को तनु के परिजन व बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सेक्टर 108 स्थित पुलिस कमिश्नर के कार्यालय पर प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि पुलिस मामले में आरोपी पति सुमित को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।