मोबाइल कैमरा टेस्टिंग के दौरान ओवन फटने से दो घायल
- ग्रेनो स्थित चीन की इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री में हुआ हादसा, कर्मियों न किया हंगामा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-1 क्षेत्र स्थित चीन की कुंशान क्यू टेक माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स प्राईवेट लिमिटेड में मोबाइल कैमरा टेस्टिंग के दौरान ओवन में ब्लास्ट होने से दो टेक्नीशियन घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इसमें एक टेक्नीशियन के सिर, चेहरे और कूल्हे पर बॉयलर के टुकड़े लगने से गंभीर चोट लगी है।
हादसे के बाद कंपनी में एंबुलेंस की सुविधा न होने का आरोप लगाकर कर्मियों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया। मामले में परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। मूल रूप से गोरखपुर के बड़ावन के बांस गांव के रहने वाले जाहिद अली व रायबरेली के सतगांव निवासी हरीश कुमार कुंशान क्यूटेक कंपनी में बतौर टेक्नीशियन नौकरी करते हैं। कंपनी में ओप्पो और वीवो कंपनी के मोबाइलों के लिए कैमरे बनाए जाते हैं। कैमरे बनने के बाद उनको ओवन में रखकर यह टेस्टिंग की जाती है कि कैमरे अधिकतम कितनी गर्मी बर्दाश्त कर सकते हैं।
बुधवार सुबह 8 बजे के करीब जाहिद व हरीश ओवन में कैमरे की टेस्टिंग कर रहे थे। इस दौरान एक ओवन का निचला गेट खुल गया। गेट खुलते ही तेज आवाज में ब्लास्ट हुआ और दोनों टेक्नीशियन उसकी चपेट में आ गए। बायलर की भाप और उसके टुकड़े दोनों टेक्नीशियन को लगे। इससे जाहिद के सिर, चेहरे और कूल्हे पर बायलर के टुकड़े घुस गए। उसे ग्रेनो के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल हरीश को ग्रेनो फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
-
मुआवजे की मांग की
घटना के बाद फैक्ट्री में कार्यरत करीब एक हजार से अधिक श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ हंगामा कर दिया। उन्होंने दोनों कर्मियों को उचित मुआवजा देने की मांग रखी। पुलिस के आश्वासन के बाद श्रमिक शांत हुए। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने बुधवार का अवकाश घोषित कर दिया।
-
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर जाकर जांच की गई। दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना घायलों के परिजन को दे दी गई है। मामले में अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
सरिता मालिक, ईकोटेक-1 कोतवाली प्रभारी