दादरी (संवाद)। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर लोकल पैसेंजर ट्रेन में अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेच रहे दो वेंडरों को आरपीएफ ने पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ जन विश्वास अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। आरपीएफ के अनुसार अलीगढ़ से दिल्ली जा रही लोकल ट्रेन दादरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान अभियान के तहत जांच की गई। जांच में रायपुर बांगर निवासी इंद्रजीत और फरीदपुर निवासी संजय ट्रेन में खाद्य सामग्री बेचते मिले। दोनों से वेंडर प्रमाणपत्र मांगा गया, लेकिन वे प्रस्तुत नहीं कर सके। आरपीएफ ने दोनों को ट्रेन से उतारकर कार्रवाई की और जुर्माना वसूलने के बाद छोड़ दिया।