नोएडा। सेक्टर-12 स्थित जिला पुस्तकालय में 24 सितंबर से दो दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में स्कूलों के छात्र भी भाग लेंगे। पुस्तक मेले का शुभारंभ विशेष कार्याधिकारी पुस्तकालय शान्त्वना तिवारी करेंगी। मेले में साहित्य, प्रतियोगी परीक्षाओं, बाल साहित्य और ज्ञानवर्धक पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्कूली छात्रों के लिए विशेष गतिविधियां भी आयोजित होंगी। इनमें पुस्तकालय की सुविधाओं, पुस्तकों के महत्व और अध्ययन के नए तरीकों की जानकारी दी जाएगी। जिला पुस्तकालय के प्रभारी रघुराज भाटी ने बताया कि मेले की तैयारियां चल रही हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पुस्तकों और पुस्तकालय से जोड़ना है। ब्यूरो