कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस की टीम ने शुक्रवार को एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो बेरोजगार युवकों को प्ले ब्वॉय बनाने का झांसा देते थे। इसके लिए सबसे पहले ये आरोपी फ्रेंड शिप क्लब में पार्ट टाइम जॉब की नौकरी दिलाने के नाम पर फेसबुक, इंस्टाग्राम व अन्य अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेज बनाते थे। इस पेज को लाइक करने या कोई मैसेज भेजने के बाद आरोपी उनसे संपर्क कर बताते थे कि हाई प्रोफाइल सोशलाइट महिलाओं के लिए काम करने के एवज में अच्छी खासी कमाई होगी।
इसके बाद ये आरोपी प्ले ब्वॉय बनाने के पार्ट टाइम जॉब के लिए आईडी बनवाने, किट देने, प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी फीस आदि के नाम पर हजारों रुपये की ठगी कर लेते थे। इसके बाद पीडि़तों से संपर्क काट लेते थे। नोएडा जोन के एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने हाई प्रोफाइल महिलाओं से दोस्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले राजनगर एक्सटेंशन निवासी केतन अरोड़ा व चिराग अरोड़ा को गिरफ्तार किया है। दोनों सगे भाई हैं। पुलिस इसके नेटवर्क के बारे में पता लगा रही है।
हाईप्रोफाइल महिलाओं से दोस्ती पर 25 से 30 हजार मिलने का झांसा
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि दोनों शातिर जालसाज हाई प्रोफाइल महिलाओं के साथ फाइव स्टार होटल, स्पा सेंटर में मीटिंग करने का युवकों को झांसा देते थे। इसके लिए उन्हें एक बार की मीटिंग में 25 से 30 हजार रुपये मिलने की बात कहते थे। पीडि़तों को झांसे व विश्वास में लेने के लिए कहते थे कि इस 25-30 हजार में 20 फीसदी रकम दोनों आरोपियों को देना होगा।
500 से अधिक लोगों से चैट मिले
पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें पांच सौ से अधिक लोगों के चैट मिले हैं। इनमें कई लोग ऐसे हैं जिनसे अभी ठगी करने को लेकर बातचीत चल रही थी। ये आरोपी रोजाना 50 से अधिक लोगों से संपर्क करते थे। इनमें से कुछ लोग इनके चंगुल में आ जाते थे और उनसे पैसे अलग अलग अकाउंट में मंगवा लेते थे।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
पांच मार्च को एक युवक ने कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस से शिकायत की थी कि उनके पास टेलीग्राम पर एक मैसेज आया था और पार्ट टाइम जॉब के लिए ऑर्चिड स्पा में जगह खाली है। इसके बाद उससे फोन पर संपर्क कर जालसाजों ने आईडी बनाने के नाम पर चार सौ रुपये ले लिया। फिर प्रोसेसिंग फीस, किट, सिक्योरिटी मनी आदि के नाम पर कुल एक लाख 83 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद न तो महिलाओं से मीटिंग कराई और न ही पैसे वापस किए। जब इस मामले की जांच की गई तो इस गिरोह का खुलासा हुआ।
केतन लड़की की आवाज में करता था बात
गिरफ्तार आरोपी केतन अरोड़ा व चिराग अरोड़ा दोनों सगे भाई हैं। इसमें दोनों भाई पहले किसी पीड़ित को फोन कर पूरी जानकारी देकर तैयार करते थे। इसी दौरान बड़ा भाई केतन कंपनी की मैनेजर बताकर लड़की की आवाज में पीड़ितों से बात करता था। इसमें केतन लड़की बनकर युवकों को पूरी तरह से अपने झांसे में ले लेता था और ठगी को अंजाम देता था।
हाई प्रोफाइल महिलाओं के साथ मीटिंग कराने के नाम पर 500 से अधिक लोगों से ठगी करने वाले दो सगे भाईयों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी पार्ट टाइम जॉब दिलाने के नाम पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फ्रेंडशिप क्लब का पेज बनाकर ठगी करते थे। - शक्ति मोहन अवस्थी, एडीसीपी नोएडा।