माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। घंघौला गांव के पास कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक तीन दिन से आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की है। फजालपुर निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि छोटा भाई सतेंद्र पांचाल 3 नवंबर की शाम बाइक से यूटीएल कंपनी कर्मचारी कामेश, निवासी अमरोहा के साथ बिलासपुर से मोबाइल खरीदकर फजालपुर लौट रहे थे। इसी दाैरान सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। घायलों को पहले कासना के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें नोएडा के यथार्थ अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार जारी है। जितेंद्र के मुताबिक अब तक इलाज में करीब 15 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। सतेंद्र तीन दिन से बेहोश है और आईसीयू में भर्ती है। कोतवाली प्रभारी पंकज शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।