28 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में दो बैंककर्मी गिरफ्तार
- सेक्टर-22 स्थित साउथ इंडियन बैंक में प्रबंधक समेत अन्य ने की थी जालसाजी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-22 स्थित साउथ इंडियन बैंक से 28.07 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में क्राइम ब्रांच और सेक्टर-24 पुलिस ने सोमवार को दो बैंककर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुख्य आरोपी राकेश शर्मा बैंक का सहायक प्रबंधक था। आरोप है कि सहायक प्रबंधक की धोखाधड़ी की जानकारी गिरफ्तार कर्मचारियों को थी। दोनों की पहचान सेक्टर-34 स्थित अरावली अपार्टमेंट निवासी जैरी जैशन (23) और दिल्ली निवासी बिबिन सैबेसटीयन के रूप में हुई है।
साउथ इंडियन बैंक के डीजीएम की तरफ से बैंक के सहायक मैनेजर राहुल शर्मा, इसकी पत्नी व मां के खिलाफ केस दर्ज कराया था। सेक्टर-22 स्थित बैंक शाखा में कार्यरत राहुल शर्मा ने बैंक के 28 करोड़ रुपये परिजनों और किराए के खातों में ट्रांसफर कर दिया था। डीसीपी क्राइम शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि सोमवार को दोनों आरोपी की गिरफ्तारी सूरजपुर के पास से हुई। पुलिस राहुल शर्मा की तलाश कर रही है।