चोरी के मामले में दो गिरफ्तार, 29 लाख का सामान बरामद
नूंह। शहर से 24 अगस्त को एक कैंटर से चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी हुए 29 लाख रुपये के सामान को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों आरोपियों पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है। बीते 23 अगस्त को राजस्थान के भिवाड़ी की अग्रवाल मेटल कंपनी से 29 लाख के तांबा-पीतल कैन से भरे कैंटर को लेकर ड्राइवर मुकीम नूंह के सद्दीक नगर अपने घर पहुंचा। वहीं 24 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे मुकीम ने 100 नंबर पर फोन कर शहर की सिटी चौकी में कैंटर चोरी होने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ड्राइवर के घर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। वहीं पुलिस आने के कुछ घंटों बाद ड्राइवर ने पुलिस बताया कि उसके मोबाइल पर सूचना मिली कि कैंटर नूंह के क्लिंजर गांव में खड़ा है, जिसके बाद पुलिस क्लिंजर गांव पहुंची, जहां से पुलिस ने कैंटर बरामद कर लिया। वहीं जांच के दौरान कैंटर में भरा 29 लाख का सामान गायब था। पुलिस ने इस मामले को लेकर भिवाड़ी में कंपनी के मुख्य अधिकारियों को भी अवगत कराया। कंपनी के कर्मचारी नूंह सिटी चौकी पहुंचे और कैंटर मालिक अब्दुल वहीद निवासी मोहम्मद बास थाना फिरोजपुर झिरका और ड्राइवर मुकीम पर चोरी का आरोप लगाया साथ ही कंपनी के कर्मचारी विपिन कुमार ने केस दर्ज कराया। पुलिस ने सोमवार देर रात ड्राइवर मुकीम को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सामान चोरी करने में दूसरे आरोपी अरशद पुत्र मुबीन निवासी हामिद कॉलनी नूंह को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि उन्होंने चोरी किए गए सामान को नूंह-तावडू रोड स्थित एक पुरानी फैक्ट्री में बने गड्ढे में कबाड़ के सामान के नीचे दबाया रखा है। चोरी करने में उनके साथ गांव रेहना का मुनफेद भी शामिल था। नूंह थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही मुनफैद को पकड़ा जाएगा।