दोहरे हत्याकांड में फरार आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
नोएडा। दोहरे हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बदमाश के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है। एसपी सिटी सुधा सिंह ने बताया कि 6 दिसंबर को सेक्टर-46 के पास फिरोजाबाद निवासी अनिल व हरिनाथ की ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने सूरज व प्रेम प्रभाकर को गिरफ्तार किया था। जबकि टीटू सहित पांच लोग इस मामले में फरार चल थे। टीटू की गिरफ्तारी पर एसएसपी गौतम बुद्ध नगर ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बुधवार तड़के मुठभेड़ में थाना सेक्टर-39 पुलिस ने टीटू को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश से पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि हत्या रंजिश में हुई थी। दोनों पक्षों ने फिरोजाबाद में एक-दूसरे पक्ष के लोगों की हत्या की थी। हत्या का बदला लेने के लिए ही दोहरा हत्याकांड हुआ था।