खाड़ी देशों में नौकरी के नाम पर ठगने वाले दो गिरफ्तार
- टिकट, वीजा, परमिट के नाम पर भी लेते थे रकम, सोशल मीडिया से करते थे संपर्क
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। खाड़ी देशों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले दो जालसाजों को कोतवाली फेज वन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये जालसाज सोशल मीडिया व अन्य माध्यम से बेरोजगार युवक से संपर्क करते थे। नौकरी सहित मेडिकल, एयर टिकट, जॉब परमिट, वीजा के नाम पर रुपये ठगते थे। अब तक 300 से अधिक युवकों से लाखों ठग चुके हैं।
आरोपियों की पहचान यूपी के महाराजगंज निवासी शेरे आलम और हशरे आलम के रूप में हुई है। पुलिस इसके गिरोह के अन्य जालसाजों की तलाश कर रही है। बिहार के रहने वाले एक युवक ने कुछ दिन पहले पुलिस से शिकायत की थी कि उसके साथ दुबई में क्रेन ड्राइवर की नौकरी दिलाने के नाम पर नोएडा के सेक्टर 5 में यूनिवर्सल टूर एंड ट्रैवल के नाम से कंपनी चला रहे जालसाजों ने 40 हजार रुपये की ठगी की है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर शेरे आलम और हशरे आलम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सेक्टर-5 में ही किराए का कमरा लेकर रहे रहे थे। पुलिस ने इनसे दो लैपटॉप, दो सीपीयू, दो मॉनीटर, प्रिंटर, 22 फर्जी पासपोर्ट, 17 फर्जी वीजा, 11 विजिटिंग कार्ड और 23 हजार रुपये की नगद बरामद की है। नोएडा जोन के डीसीपी हरीश चंदर का कहना है कि इस तरह के अन्य गिरोहों पर भी पुलिस की नजर है।
देते थे लुभावने विज्ञापन
पूछताछ में जालसाजों ने बताया कि वे फेसबुक, इंस्टाग्राम पर नौकरी के लुभावने विज्ञापन देकर बेरोजगारों से संपर्क करते थे। विज्ञापनों में अपना व्हाट्स एप नंबर देते थे। फोन करने वाले युवाओं को दुबई, कुवैत, ओमान, साऊदी अरब आदि देशों में नौकरी लगवाने का झांसा देते थे। इसके बाद अपनी ऑफिस पर बुलाते थे। 30 से 40 हजार रुपये ठगने के बाद उनका फॉर्म सरकार के द्वारा रद्द करने की बात कहते थे।
-
दस साल से थे सक्रिय
गिरफ्तार आरोपी 2013 से इस सक्रिय थे। इस तरह के मामलों में पूर्व में जेल भी जा चुके हैं। इन पर नोएडा के अलावा महाराजगंज समेत अन्य जनपदों में भी मुकदमे हैं। जालसाज कुछ महीनों में अपना दफ्तर भी बदल लेते थे। एक महीने पहले ही सेक्टर 5 में इन्होंने ऑफिस खोला था। यहां से करीब 25 युवकों से ठगी कर चुके हैं।