बिरनो (गाजीपुर)। बिरनो और जंगीपुर थाने की पुलिस टीम ने रविवार की भोर मुठभेड़ में गोली लगने से घायल दो पशु तस्करों संतोष राजभर, सोनू यादव समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को सीएचसी बिरनो भेजा गया। एक तस्कर भाग गया। तस्करों के पास से पुलिस ने दो तमंचे, दो कारतूस, दो खोखे, पिकअप और कार बरामद की। पिकअप से चार मवेशी भी मिले। कासिमाबाद सीओ शुभम वर्मा ने बताया कि बिरनो थाने की पुलिस नसरतपुर गांव के पास भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मरदह से जंगीपुर की ओर एक पिकअप आती दिखी। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इस पर बिरनो पुलिस ने जंगीपुर पुलिस को सूचना दी और वाहन का पीछा किया। भवरहा मोड़ के पास दोनों थानों की पुलिस की घेरेबंदी देख पिकअप सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से दो तस्कर से घायल हो गए। उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इधर पिकअप के पीछे कार में बैठ कर आ रहा एक तस्कर भाग गया। चालक को पुलिस टीम ने गिरफ्तार करने के साथ कार को कब्जे में ले लिया। पूछताछ में घायल तस्करों ने अपना नाम करीमुद्दीनपुर थाना के करीमुद्दीनपुर गांव निवासी संतोष राजभर, दुल्लहपुर थाना के जमसड़ा गांव निवासी सोनू यादव और कार चला रहे चालक का नाम कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के शहबाजपुर गांव निवासी अमरेंद्र यादव बताया। सीओ ने बताया कि जल्द चौथे तस्कर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।